नई दिल्ली | बॉलीवुड की सदाबहार एक्ट्रेस रेखा (Rekha) की खूबसूरती के आज भी लाखों दीवाने हैं। हालांकि रेखा को दर्शक किसी अवॉर्ड फंक्शन या फिर इवेंट में ही देख पाते हैं। कोविड-19 (Covid-19) के चलते लंबे समय से रेखा की झलक लोगों को देखने को नहीं मिली लेकिन अब जल्द ही वो आपको छोटे परदे पर नजर आएंगी। हाल ही में रेखा टीवी स्क्रीन पर दिखाई दीं तो दर्शक चौंक गए लेकिन ये सच है कि वो जल्द ही एक टीवी शो में नजर आने वाली हैं। रेखा का वीडियो (Rekha Video) सामने आते ही सोशल मीडिया (Social Media) पर ये वायरल हो रहा है।
दरअसल, ये शो का प्रोमो वीडियो है जिसमें रेखा एक प्यार करने वाली की कहानी सुनाती हुई दिख रही हैं। विरल भयानी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक प्रोमो वीडियो शेयर किया है जो स्टार प्लस चैनल के अपकमिंग शो गुम है किसी के प्यार में (Ghum Hain Kisikey Pyaar Meiin) का है। इसी में रेखा बेहद ही खूबसूरत अंदाज में फर्ज और प्यार की कहानी सुना रही हैं। रेखा लंबे समय बाद स्क्रीन पर दर्शकों के बीच दिखाई देने वाली हैं। कमबैक (Rekha comeback) के साथ ये उनका टीवी डेब्यू भी होने जा रहा है। प्रोमो में रेखा ने अपने लुक को बरकरार रखा है। रेखा ने मांग में सिंदूर भरा हुआ है और गोल्डन कलर की साड़ी के साथ हैवी ज्वैलिरी में खुले बाल रखे हैं। रेखा हमेशा ही किसी भी इवेंट में इसी लुक के साथ नजर आती हैं।
प्रोमो वीडियो सामने आने के बाद रेखा के फैंस में उनके किरदार को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि अभी तक रेखा के रोल का खुलासा नहीं किया गया है। ये भी हो सकता है कि रेखा इस शो में नरेशन करती हुई नजर आएं। बता दें सीरियल का नाम ‘गुम है किसी के प्यार में’ रेखा की ही फिल्म रामपुर का लक्षण के सुपरहिट गाने से लिया गया है। जिसे वीडियो में रेखा भी गुनगुनाती हुई दिखाई दे रही हैं। रेखा हिंदी सिनेमा की बेहतरीन अदाकारा तो हैं ही साथ ही वो अपने स्टाइल के लिए भी जानी जाती हैं जो उनकी खूबसूरती में चार चांद लगाता है। इस सीरियल में रेखा के स्टाइल पर भी लोगों की खास नजर रहेगी।